फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: नोनियापट्टी में ओवरब्रिज निर्माण शुरू, फर्राटा भरेंगे वाहन

Thu, 28 Aug 2025 01:07 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
ओवरब्रिज के निर्माण में जुटे मजदूर। संवाद  
विज्ञापन
पडरौना। शहर के नोनियापट्टी के पास रेलवे क्राॅसिंग पर एल आकार में बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसका निर्माण कठकुईयां मार्ग के अंबे चौक से रेलवे स्टेशन रोड के बेलवा चुंगी मोड़ तक होगा। पुल 8.5 मीटर चौड़ा और 603 मीटर लंबा होगा। इसके निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था की तरफ से बोरिंग और पायलिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। पायलिंग कार्य पूरा होने के बाद आरओबी की भार क्षमता का आंकलन होगा। इसके बाद अन्य निर्माण कार्य शुरू होगा। शहर के बीच से कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग गुजरा है। इस रेल मार्ग पर छह सवारी गाड़ियां और छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन संचालित होती हैं। इसके अलावा समय-समय पर कुछ स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन होता है। इस रेलमार्ग पर खड्डा रोड, साहबगंज, नौका टोला, मेन रोड और नोनियापट्टी समेत कुल पांच रेलवे ढाले हैं। रेल मार्ग पर किसी भी ट्रेन के आने पर ये सभी रेलवे क्राॅसिंग एक साथ बंद होते हैं। इनके बंद होते ही शहर उत्तर और दक्षिण दो हिस्सों में बंट जाता है। कुछ ही देर में रेलवे ढाले के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है।
विज्ञापन

ट्रेन जाने के बाद ज्यों ही रेलवे फाटक खुलता है, दोनों तरफ से आगे निकलने की होड़ लग जाती है। इससे बेतरतीब वाहनों की वजह से जाम लग जाता है। लोगों को जाम से निकलने में करीब 20 से 30 मिनट का समय लग जाता है। जाम से छुटकारा दिलाने के लिए यातायात पुलिस के जवान तैनात रहते हैं। लेकिन, जाम में फंसे लोग आगे निकलने की होड़ में किसी की परवाह नहीं करते हैं।
शहर में आने वाले लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सांसद के प्रयास से रेलमंत्री ने सुभाष चौक से कोतवाली जाने वाले मुख्य मार्ग पर पड़ने वाले रेलवे ढाले पर अंडरपास और नोनियापट्टी के सामने स्थित रेलवे ढाले पर आरओबी निर्माण की स्वीकृति मिली थी। इसमें रेलवे अंडरपास निर्माण के लिए बाईपास सड़क का निर्माण कार्य करा लिया गया है। अप्रैल माह में शहर के सुभाष चौक-कोतवाली मार्ग स्थित मुख्य रेलवे ढाले पर अंडरपास बनाने का कार्य शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन

वहीं नोनियापट्टी के सामने स्थित रेलवे ढाले पर स्वीकृत आरओबी का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। रेलवे की तरफ से स्वीकृत नक्शे के अनुसार आरओबी की आकृति एल आकार की होगी। रेलवे लाइन पर 64 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके अलावा कठकुईया रोड की तरफ से 278 मीटर और बेलवा चुंगी जाने वाली सड़क की तरफ से 265 मीटर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य होगा। इसके अलावा आरओबी के अगल-बगल बसे मोहल्ले वासियों को आवागमन में कोई परेशानी न हो इसके लिए फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन का भी निर्माण होगा। इस निर्माण कार्य पर करीब 56 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अब आरओबी का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। रेलवे स्टेशन के पास रेलवे की पानी टंकी के पास बोरिंग और पायलिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। पायलिंग का कार्य पूरा होने के बाद निर्माणाधीन आरओबी की भार क्षमता का आकलन होगा। पायलिंग का कार्य पूरा होते ही आरओबी निर्माण कार्य में तेजी आएगी। कार्यदायी संस्था की तरफ से इस निर्माण कार्य को आने वाले दो वर्ष में पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके निर्माण से न केवल शहर के लोगों को रेलवे ढाले पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी, बल्कि शहर से होकर अंबे चौक के रास्ते खिरकिया बाजार, जटहां बाजार और बांसी के रास्ते बिहार जाने वाले बड़े वाहन चालकों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें