पडरौना। प्रदेश सरकार ने खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्कृष्ट उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत स्थापित व सफलतापूर्वक संचालित इकाइयों के उद्यमियों को इसका लाभ मिलेगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि ऐसे उद्यमी, जिनकी इकाई कम से कम तीन वर्ष पुरानी हो और जो अपने साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार दे रहे हैं, वे इस पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उद्यमी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर दो मई तक जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का चयन जिला स्तरीय समिति करेगी। चयनित सूची मंडल स्तर पर भेजी जाएगी। पुरस्कार के तहत मंडल स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले को 15 हजार रुपये, द्वितीय को 12 हजार रुपये और तृतीय को 10 हजार रुपये के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार 40 हजार रुपये, द्वितीय 30 हजार रुपये और तृतीय 20 हजार रुपये के साथ राज्य स्तरीय प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।