पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की बैठक डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में हुई। जिला स्वास्थ्य समिति, रोगी कल्याण समिति, संचारी रोग नियंत्रण समिति, जिला क्षय रोग समिति, जिला एड्स समन्वय समिति, फाइलेरिया उन्मूलन समिति तथा आयुष कार्यकारी निकाय की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान में देरी पर नाराजगी जताई और निष्क्रिय कर्मियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम ने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रेरणा कैंटीन के संचालन की स्थिति पर असंतोष जताते हुए सभी केंद्रों पर जल्द संचालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी। सीएमओ ने बताया गया कि आठ स्थानों पर प्रक्रिया चल रही है।
आशा कार्यकर्ता के लंबित भुगतान को लेकर सीएमओ ने बताया कि बजट हाल ही में प्राप्त हुआ है, जिस पर डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित भुगतान तत्काल सुनिश्चित किए जाएं और किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में निष्क्रिय आशा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई पर भी सहमति बनी। डीएम कार्य में रुचि न लेने वाली आशाओं की सेवा समाप्ति की कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व सीएमओ ने नियम के खिलाफ की गई नियुक्तियों से जुड़े लंबित भुगतान के निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, साफ-सफाई और जनजागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के समन्वय से अभियान को तेज किया जाए। जिला क्षय रोग समिति की समीक्षा के दौरान टीबी मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग, दवा वितरण और पोषण सहायता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
वहीं, फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा में आयुष्मान कार्ड निर्माण में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। आयुष्मान कार्ड सर्वे में संदेहास्पद आंकड़ों पर उन्होंने संबंधित बाबू और कंप्यूटर ऑपरेटर को नोटिस जारी करने तथा डिप्टी सीएमओ को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक तय समय एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इस दौरान सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।