कप्तानगंज। भूड़ाडीह गांव के लोगों ने कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ रविवार को कप्तानगंज थाने में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। इन लोगों ने कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। भूड़ाडीह गांव के कई लोग रविवार को कप्तानगंज थाने में पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे इन लोगों का कहना था कि भूड़ाडीह सहित आस-पास के गांवों जमुआन, पचार, खैरेटवा सहित कई गांवों में कच्ची शराब बनाने और बेचने का धंधा जोरों पर चल रहा है। इससे गांव की महिलाओं और युवतियों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। गांव में कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। एसओ को ज्ञापन सौंपते हुए इन लोगों ने कहा कि अगर जल्द ही कच्ची शराब के धंधे पर रोक नहीं लगाई जाती है तो वे व्यापक आंदोलन करेंगे। ज्ञापन लेने के बाद एसओ आरके यादव ने आश्वासन दिया कि जल्द ही कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सुरेश मिश्रा, महेंदर साहनी, मुन्नीलाल साहनी, राजू यादव, जयहिंद साहनी, संतोष गुप्ता, राजेश कुमार, पिंटू सिंह, चंद्रिका प्रसाद, ईश्वर साहनी, श्यामराज, अनिल साहनी सहित कई लोग मौजूद थे।