तमकुहीराज। तरयासुजान थानाक्षेत्र के तमकुहीराज बाजार में शनिवार की रात चोरों ने फिर एक दुकान को निशाना बना दिया। एक मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल सेट, रिचार्ज कूपन और नकदी चुरा ले गए। पड़ोस के एक व्यक्ति ने शोर मचाया तो चोर अपना झोला छोड़कर भाग गए। रविवार की सुबह कस्बे के व्यापारियों ने बैठक कर घटना की निंदा की तथा तत्काल मुकदमा पंजीकृत करने की मांग की।
तमकुहीराज कस्बे के तरयासुजान रोड स्थित ब्रह्मस्थान के पास पीके मोबाइल नाम से एक दुकान है, जिसके शटर का ताला तोड़कर रात एक बजे चोरों ने 40 मोबाइल सेट, 10 हजार के कैश कार्ड, 20 मेमोरी कार्ड और तीन हजार नकद चुरा लिया। खटपट की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने शोर मचाया। हल्ला सुनकर चोर अपना झोला छोड़कर भाग निकले। झोले में ताला तोड़ने वाला लोहे का रॉड, कुछ सिक्के और चप्पल रखा हुआ था। पुलिस इन सामानों को अपने साथ ले गई। लोगों के अनुसार इस घटना की जानकारी तुरंत ही 100 नंबर पर दी गई लेकिन पुलिस की गाड़ी करीब एक घंटे बाद वहां पहुंची।
चोरी की जानकारी होने पर रविवार की सुबह बाजार के व्यापारियों ने शिवमंदिर परिसर में बैठक की। व्यापारियों का कहना था कि दो माह के अंतराल में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई। घटना की जानकारी होने पर तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने की मांग की। विधायक ने खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह पटेल, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीत व्याहुत, ध्रुपचंद्र चौरसिया, प्रदीप चौबे, दिलीप मद्धेशिया, त्रिवेणी गुप्ता, सतीश रौनियार, जेपी गुप्ता, कृष्णा मद्धेशिया आदि व्यापारी मौजूद रहे।