पडरौना। शादी अनुदान योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए गए हैं। यह जानकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि विभाग की तरफ से संचालित अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति और सामान्य वर्ग के गरीब व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी के लिए अनुदान योजना शुरू की गई है। इच्छुक व्यक्ति विभाग की वेबसाइट http://shadianudan.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि तहसील की तरफ से जारी 56, 480 रुपये प्रतिवर्ष (शहरी क्षेत्र) और 46, 080 रुपये प्रतिवर्ष (ग्रामीण क्षेत्र) का आय प्रमाणपत्र के साथ जाति प्रमाणपत्र लगाना होगा। विवाह के लिए किए गए आवेदन में पुत्री की आयु शादी की तिथि को 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित महिला अथवा दिव्यांग आवेदक को वरीयता दी जाएगी। एक परिवार से अधिकतम दो पुत्रियों की शादी के लिए ही अनुदान दिया जाएगा।