सुकरौली। हाटा कोतवाली क्षेत्र के जोल्हिनिया क्राॅसिंग के पास दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। उसका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद घर वालों में चीख-पुकार मच गई।
हाटा कोतवाली क्षेत्र अवरवां गांव निवासी 25 वर्षीय अमित कुमार गौंड रविवार को किसी काम से गोरखपुर गए थे। काम निपटाने के बाद देर शाम घर लौट रहे थे। जोल्हिनिया क्रासिंग के पास सामने से उसी लेन में आ रही बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार हुई कि अमित कुमार गौंड़ और दूसरा बाइक सवार शंखापार गांव निवासी 30 वर्षीय जगदीश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय अमित की रास्ते में मौत हो गई। घायल जगदीश का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। अमित का शव लेकर सीएचसी पर घर वाले लौट आए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल राजप्रकाश सिंह ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत हुई है।