कोरोना से महिला की मौत, एक व्यक्ति मिला संक्रमित
पडरौना (कुशीनगर)। बुधवार को जिले में कोरोना से एक महिला की मौत हो गई। उसे लेकर कोरोना से जनपद में मरने वालों की संख्या बढ़कर 227 हो गई है। वह पडरौना क्षेत्र की निवासी थी।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि बुधवार को 2486 लोगों का सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा गया, जबकि 2999 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 2998 निगेटिव और एक पॉजिटिव केस है। संक्रमित मिला व्यक्ति पडरौना क्षेत्र का निवासी है। उन्होंने बताया कि बुधवार को पडरौना क्षेत्र की 67 वर्षीय एक महिला की कोरोना से मौत हो गई। उसे लेकर अब तक जनपद में कोरोना से 227 लोगों की मौत हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक 828240 लोगों की कोरोना जांच कराई जा चुकी है, जिसमें 15586 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। इनमें 15357 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 227 की इस महामारी से जान गई है। अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या तीन हो गई है।
उन्होंने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण दर 1.88 प्रतिशत, ठीक होने वालों की दर 98.53 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है। उन्होंने संक्रमण से बचने के लिए जनपद के लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।