तीन कोचिंग संस्थानों पर एक-एक लाख का जुर्माना
पडरौना। जिले में बिना पंजीकरण के संचालित तीन कोचिंग संस्थानों पर डीआईओएस ने कार्रवाई करते हुए एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में खलबली मची है।
जिला विद्यालय निरीक्षण रविंद्र सिंह ने बताया कि काफी दिनों से जिले में बिना पंजीकरण के कोचिंग संस्थान संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। इसको गंभीरता से लेते हुए बीते 25 अगस्त को जिले की पांच कोचिंग संस्थानों की जांच की गई। जांच में सभी कोचिंग संस्थान बिना पंजीकरण के पाए गए। इनमें से कुशीनगर स्थित राहुल शिक्षा निकेतन में ही बिना पंजीकरण के कोचिंग सेंटर का संचालन हो रहा था। इसको गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य को नोटिस देकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि कुशीनगर स्थित फुलकेश्वर क्लॉसेज व पडरौना में संचालित कैरियर प्वाइंट कोचिंग सेंटर, स्टडी प्वाइंट और स्टूडेंट ट्यूटोरियल की जांच की गई। गड़बड़ी पाए जाने पर सभी कोचिंग संचालकों को नोटिस दी गई। पडरौना के सभी कोचिंग संचालकों ने निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण नहीं दिया। इसको गंभीरता से लेते हुए पडरौना के तीनों कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।