उजारनाथ। पटहेरवा थाना क्षेत्र के पटहेरिया-तुर्कपट्टी मार्ग पर पटहेरिया स्थित मदरसा के पास बुधवार रात बरात से वापस लौट रहे बाइक सवार युवक व कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद कार सवार कार छोड़ कर फरार हो गए। घायल युवक को ग्रामीणों ने एंबुलेंस से सीएचसी फाजिलनगर भेजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार बाइक सवार निखिल कुमार (20) पुत्र अशोक प्रसाद निवासी सिंदुरिया बुजुर्ग रात में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था। रात के करीब 12 बजे के आसपास वह पटहेरिया-तुर्कपट्टी मार्ग पर पटहेरिया स्थित मदरसा के मोड़ पर पहुंचा था कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार की कार से उसकी बाइक आमने सामने भीड़ गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कार और बाइक दोनों क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोग तेज आवाज सुनकर घटना स्थल पहुंचे तो घायल युवक को हास्पिटल भेजवाया।