ताश खेलने के दौरान चली गोली, युवक गंभीर
तुर्कपट्टी (कुशीनगर )। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत छहूं में मंगलवार की देर शाम ताश खेलने के दौरान हुए विवाद में असलहा से फायरिंग की गई। इस घटना में एक युवक के हाथ में गोली लगी है जिसकी हालत गंभीर है। परिजन इलाज के लिए गोरखपुर स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर गए हैं।
छहूं गांव निवासी सत्यपाल व कुछ अन्य लोग गांव में एक जगह बैठकर ताश खेल रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर नोंकझोंक होने लगी। बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान ही एक युवक ने असलहा निकालकर फायर कर दिया। गोली सत्यपाल के हाथ में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। शोर सुनकर पहुंचे परिजन इलाज के लिए गोरखपुर स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर गए हैं। घटना को लेकर गांव में सन्नाटा है। लोग इस मामले पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
एसओ तुर्कपट्टी आनंद गुप्ता ने बताया कि गोली चलने की घटना संज्ञान में आई है। मामले की छानबीन की जा रही है। पता चला है कि जिस युवक को गोली लगी है, उसका किसी प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है।