रामकोला। थाना क्षेत्र के हरपुर माफी कटारिया टोला में रविवार को 42 वर्षीय हीरालाल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कच्ची शराब पीने से उनकी मौत हुई है। इसके बाद हरकत में आई रामकोला पुलिस ने गांव में छापामारी कर दस लीटर कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मौत की जानकारी होने पर रामकोला एसएचओ विनय कुमार सिंह व चौकी इंचार्ज शिवम द्विवेदी ने गांव में छापा मारा। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में लहन और करीब दस लीटर कच्ची शराब के साथ एक धंधेबाज को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।