मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के हिरनही गांव के स्टेडियम गेट पर उद्घाटन के दौरान लगाए गए बोर्ड पर भाजपा के शीर्ष और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की तस्वीर लगी थी। आचार संहिता लगने के बाद दरोगा और और सिपाही इन नेताओं की तस्वीर को खुरचवा दिया था। रविवार को सफाईकर्मी बोर्ड को ढकने के लिए गया तो तस्वीर खुरचने की जानकारी ग्राम प्रधान को दी। स्टेडियम के पास गांव वालों की भीड़ जुट गई और वे हंगामा करने लगे। प्रधान ने पुलिस को तहरीर देकर दरोगा और सिपाही पर कार्रवाई की मांग की है। मामला बढ़ता देख इंस्पेक्टर ने दरोगा और सिपाही का हलका बदल दिया है।
थाना क्षेत्र के हिरनहीं में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर वर्ष 2022-23 में मनरेगा से मिनी स्टेडियम का निर्माण हुआ था। उसका लोकार्पण 15 मई 2023 को सांसद, विधायक व ब्लॉक प्रमुख ने किया था। ग्राम प्रधान जयचंद कुशवाहा का आरोप है कि शनिवार की देर शाम हलका के दरोगा अनिल शर्मा व कांस्टेबल अनिल मौर्या पहुंचे और आचार संहिता उल्लंघन की बात कहते हुए स्टेडियम के गेट पर शिलापट पर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी, क्षेत्रीय, विधायक और ब्लाॅक प्रमुख की तस्वीर को खुरच दिया। रविवार की सुबह दो सफाईकर्मी बोर्ड पर लगी तस्वीर को ढकने पहुंचे। तस्वीरों को खुरचा देख इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। गांव वाले पहुंच गए और हंगामा करने लगे। गांव वालों का आरोप है कि गेट पर लगी तस्वीर को ढकवा दिया गया था। प्रतिशोध में पुलिसकर्मी इसे खुरच दिए हैं। मामला बढ़ता देख जटहा बाजार के इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी पहुंचे और ग्राम प्रधान तथा गांव वालों को शांत कराया। ग्राम प्रधान जयचंद कुशवाहा ने इंस्पेक्टर को तहरीर देकर दरोगा और सिपाही पर कार्रवाई की मांग की। सीओ अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि जो तस्वीर लगी थी। उससे आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा था। पुलिसकर्मियों ने खुरचवा दिया था। गांव वालों ने इसका विरोध किया था। दरोगा और सिपाही का हलका बदल दिया गया है। दूसरे दरोगा को उस क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है। गांव का माहौल सामान्य है।