कसया/कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट रोड पर कब्रिस्तान के पास बृहस्पतिवार को पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरता देख पशु तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक पशु तस्कर के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया, जबकि दूसरा पशु तस्कर भाग निकला। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में कराया गया। पुलिस ने पिकअप से छह गोवंश बरामद किया। तस्कर के पास से मिले मोबाइल नबंरों की मदद से इस गैंग में शामिल लोगों को ट्रेस करने में पुलिस जुटी है। कुशीनगर के रास्ते बिहार में बड़े पैमाने पर पशुओं को पहुंचाया जा रहा है। पुलिस को सूचना मिली कि कसया थाना क्षेत्र के रास्ते गोवंश को पिकअप से लेकर तस्कर बिहार जा रहे हैं। सक्रिय हुई कसया, रामकोला और खड्डा पुलिस की संयुक्त टीम एयरपोर्ट रोड पर कब्रिस्तान के पास घेराबंदी कर भोर में वाहनों की तलाश शुरू कर दिया। वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप तेज गति से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने इसे रोकने का प्रयास किया तो वाहन चला रहा तस्कर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दिया।
खुद का बचाव करते हुए पुलिस ने गोली चलाई तो तस्कर के पैर में लगी और वह जमीन पर गिर गया। इसकी पहचान पुलिस ने गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के पुरखास निवासी मकसूद के रूप में किया। वहीं मौके से फरार दूसरे तस्कर के बारे में पुलिस जानकारी जुटा ली है, उसकी तलाश कर रही है। पिकअप पर लदे छह गोवंश, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक लकड़ी का ठीहा, एक बांका और 400 रुपये नकद पुलिस ने बरामद किया।
पुलिस की पूछताछ में घायल तस्कर ने बताया कि आस-पास से गोवंश को खरीद पिकअप से वध के लिए बिहार लेकर जाते हैं। तस्करी के गैंग में शामिल अपने कई साथियों और किसके लिए काम करता है, उसका भी नाम बताया है। मौके से फरार साथी को गिरफ्तारी में पुलिस जुटी है।