पडरौना। पेट्रोल पंपों पर रिमोट कंट्रोलयुक्त चिप से डीजल-पेट्रोल की चोरी किए जाने का प्रकरण शुक्रवार को लखनऊ में सामने आने के बाद इंडियन ऑयल और बाट-माप और पूर्ति विभाग के अफसरों ने सक्रियता दिखाई। शनिवार को तीनों विभागों के अफसरों ने संयुक्त रूप से फाजिलनगर और पडरौना में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों की जांच की। फाजिलनगर के एक पेट्रोल पंप पर पांच लीटर पेट्रोल की माप में 200 मिलीलीटर की घटतौली मिली।
बाट-माप अधिकारी आरपी वर्मा, इंडियन ऑयल के एरिया मैनेजर प्रभात कुमार व जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने फाजिलनगर क्षेत्र में संचालित इंडियन ऑयल के एक पेट्रोलपंप की शनिवार को जांच की। वहां पांच लीटर पेट्रोल की माप कराई गई तो उसमें 200 मिलीलीटर की घटतौली मिली। उसके बाद बाट-माप और इंडियन ऑयल के अधिकारी कर्मचारी पडरौना नगर में पहुंचे। यहां संचालित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप की जांच की। हालांकि यहां घटतौली नहीं मिली। इंडियन ऑयल के एरिया मैनेजर ने बताया कि सोमवार से पेट्रोल पंपों की जांच में तेजी आएगी। इस दौरान दिलीप वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे