वेतन न मिलने से नाराज अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
- बकाया देयों के भुगतान के लिए अधिकारी-कर्मचारी लंच के बाद हर दिन कर रहे प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना (कुशीनगर)। पांच महीने से वेतन न मिलने से नाराज जल निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंगलवार को एक्सईएन कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इनके साथ प्रदर्शन में निगम के पेंशनर भी शामिल थे।
इनकी अगुवाई कर रहे संयोजक एवं जल निगम के एक्सईएन प्रमोद कुमार गौतम ने कहा कि पांच माह से अधिकारियों-कर्मचारियों को न तो वेतन मिल रहा है और न ही पेंशनर्स को पेंशन। ऐसे में इनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। कई ऐसे कर्मचारी हैं, जो वेतन न मिलने की वजह से अपने परिवार की दैनिक जरूरतें पूरी नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा कार्यालय पहुंच पाना भी उनके लिए मुश्किल हो रहा है। इससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मृतक कार्मिक के आश्रित की नियुक्ति रोके जाने से मृतक आश्रित परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है।
एक्सईएन ने बताया कि वर्ष 2016 से सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों के देयों का भुगतान नहीं हो पा रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश शासन के पास जल निगम का 2100 करोड़ रुपये सेंटेज का बकाया है। इसे अवमुक्त न किए जाने के कारण यह विषम परिस्थिति उत्पन्न हुई है।
प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश जल निगम संघर्ष समिति के दिनेश चंद्रा, सह संयोजक पीएन भट्ट, कोषाध्यक्ष अभिषेक तिवारी, जेई अनिल कुमार गौंड़, कौशल कुमार, रामईश्वर प्रसाद, श्वेतांशु मणि पांडेय, रामाकांत वर्मा सहित जल निगम के कई लोग शामिल थे।