घरों में ही पढ़ी नमाज, संकट से निजात की मांगी दुआ
पडरौना। कोरोना वायरस के संकट से निजात के लिए हर व्यक्ति अपने-अपने तरीके से प्रयास कर रहा है। शुक्रवार को अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने भी लॉकडाउन का पालन करते हुए अपने घरों में ही नमाज पढ़ी। इस दौरान कोरोना वायरस से निजात तथा मुल्क व समाज की सलामती के लिए दुआ मांगी गई।
पडरौना नगर तथा आसपास के क्षेत्र की सभी मस्जिदों में लॉक डाउन का पालन करने के लिए पहले से ही नोटिस चस्पा है। शुक्रवार को भी मस्जिदों की बजाय लोगों ने अपने घर में ही नमाज पढ़ी। कुबेरस्थान क्षेत्र के बतरौली में भी लोगों ने घर में ही नमाज पढ़ी। कसया व हाटा कस्बे में भी मस्जिदों में सन्नाटा रहा।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने घर से जुम्मे की नमाज अदा की। इस दौरान मस्जिद से लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए सुझाव दिए गए। लोगों को मास्क पहनने और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई। क्षेत्र के जगदीशपुर, गिदहा, सेंदुरिया विशुनपुर, घोघरा, मगडीहा, हरपुर सुक्खड़, सहजौली, बेन्दुआर, बेदुपार, असना, भलुहा, लखिमा, मुंडेरा, अनंतवापुर आदि गांवों में डॉ. सदरे आलम, डॉ. जैनुल अली, डॉ. वसीम रिजवी, सलीम अली, असलम अली, नौसाद अली, अजाद अली, जमसेद अली, सहाबुद्दीन आदि ने लॉकडाउन का पालन करने एवं संक्रमण फैलने से रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए लोगों को प्रेरित किया।