मगहर। नगर पंचायत मगहर में पांच एमवीए क्षमता के विद्युत उपकेंद्र के निर्माण की बाधा दूर हो गई है। इसके साथ ही निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस विद्युत उपकेंद्र के बनने से मगहर के उपभोक्ताओं को बिजली संकट से निजात मिलेगी।
पावर काॅरपोरेशन ने कस्बे में विद्युत उप केंद्र के निर्माण के लिए नगर पंचायत से भूमि उपलब्ध कराने का बात कही गयी थी, जिसको संज्ञान में लेते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने विद्युत उपकेंद्र के लिए जमीन उपलब्ध करा दी है। यह जमीन अभिलेखों में खेल मैदान के रूप में दर्ज थी, जिसे जिला प्रशासन ने शिक्षा विभाग से एनओसी लेकर नगर पंचायत प्रशासन को अवगत कराकर निर्माण कार्य की बाधाएं दूर कर दी हैं। अब विद्युत निगम ने इस भूमि पर पांच एमवीए क्षमता के बिजली घर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करा दी है।
नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि नूरुज्जमा अंसारी के साथ अगस्त 2023 में सभासद अवधेश सिंह, ईओ वैभव सिंह व नगर के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में लेखपाल ने बिजलीघर के लिए भूमि चिह्नित कर पैमाइश की थी। इसका क्षेत्रफल राजस्व अभिलेख के अनुसार लगभग आठ बिस्वा बताया गया है। उक्त जमीन राजस्व अभिलेख में विद्यालय के खेल मैदान के रूप में दर्ज होने के कारण उक्त भूमि को अधिग्रहीत कर विद्युत निगम को सौंपने में बाधा आ रही थी। तत्कालीन डीएम से पत्राचार से उक्त भूमि में आ रही बाधा को दूर करने का अनुरोध किया। इस पर अब एनओसी मिल गई है।
इसके साथ ही निर्माण कार्य शुरू हो गया है। आने वाले समय में बिजली की समस्या दूर होने की उम्मीद है। इस मौके पर चेयरमैन अनवरी बेगम, पूर्व चेयरमैन नूरुज्जमा अंसारी, अधिशासी अधिकारी वैभव सिंह, अवर अभियंता विद्युत रवि यादव, सभासद अवधेश सिंह, संजय दूबे आदि मौजूद रहे।