खड्डा बुजुर्ग गांव में महिला की पीट-पीटकर हत्या का मामला, गांव के तालाब पर हुआ अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कोतवाली क्षेत्र के खड्डा बुजुर्ग गांव में शुक्रवार की शाम को एक युवक ने 35 वर्षीय महिला मीरा को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला था। यह घटना लोगों के सामने हुई थी। इसके बावजूद मृतका के जेठ की तहरीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। रविवार को मृतका के पति दुबई से घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जब तक हत्या का केस दर्ज नहीं होगा, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
इससे हड़बड़ाई पुलिस ने मान-मनौव्वल करने लगी, लेकिन परिजन मानने को तैयार नही थे। अंतत: पुलिस को हत्या का मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन देना पड़ा। इसके बाद गांव के तालाब के पास शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हालांकि देर शाम तक गैर इरादतन हत्या की धारा को हत्या में नहीं बदला गया था।
उधर, मृतका के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ब्रेन हेमरेज और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आने का उल्लेख है। खड्डा बुजुर्ग गांव में शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे प्रहलाद की 35 वर्षीय पत्नी मीरा गांव के दक्षिण स्थित रेलवे लाइन के पास बकरी चरा रही थी। मृतका के परिजनों ने बताया गया कि उसी समय गांव के ही मनोज ने पुरानी रंजिश को लेकर मीरा के सिर पर लाठी से कई प्रहार किए थे। गंभीर रूप से घायल मीरा को जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
घटना के बाद आरोपी भाग गया था। पुलिस ने उसे शनिवार को पडरौना कोतवाली क्षेत्र के सुसवलिया गांव के पास गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मीरा के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन घर लेकर चले गए। उसके बाद से मृतका के पति प्रहलाद का इंतजार करने लगे।
मीरा के पति प्रहलाद दुबई से रविवार की सुबह घर पहुंघे। उन्होंने पूछा आरोपी कहां है? परिजनों ने बताया कि जेल में। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इस पर उसने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। कोतवाल ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने आश्वासन दिया।
0000000
चिकित्सक के बयान के बाद पुलिस दर्ज करेगी हत्या का मुकदमा
मीरा के शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट रविवार को तकरीबन चार बजे आ गया। इसमें सिर पर चार स्थानों पर चोट हैं। दो चोट ललाट के पास, तीसरा चोट कान के पास, चौथा सिर के पीछे आया है। बाए हाथ पर चोट आया है। पुलिस सोमवार को संबंधित डॉक्टर का बयान लेने के बाद ही मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ा सकती है।
...
मैं गरीब हूं, इसीलिए पुलिस तत्काल कार्रवाई नहीं करती : प्रहलाद
मृतका के पति प्रहलाद ने बताया कि 22 जून 2022 को मीरा की जेठानी ऊषा को आरोपी मनोज ने कुदाल के बेट से मारकर अधमरा कर दिया था। उसे ब्रेन हेमरेज हो गया। छह माह तक गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चला था। प्रहलाद का कहना है कि वह गरीब है, इसीलिए पुलिस तत्काल कार्रवाई नहीं करती है। उसी समय पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया होता तो आरोपी का दुस्साहस नहीं बढ़ता।
..
कोट
मृतका का हत्यारोपी जेल में है। उसे चार घंटे के अंदर की गिरफ्तार कर लिया गया था। तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा गया है। नियमानुसार धारा बढ़ा दी जाएगी। इसके लिए विधिक कार्रवाई चल रही है।
-धवल जायसवाल, पुलिस अधीक्षक