कसया। थाना क्षेत्र के जुड़वनिया गांव में निशांत सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी नौशाद पर एनएसए की कार्रवाई की गई है। आरोपी नौशाद जेल में है।
क्षेत्र के नैका छपरा गांव के टोला अमरपुर निवासी 22 वर्षीय निशांत सिंह और इसका दोस्त कुंदन राजभर बाइक से कसया जा रहे थे। रास्ते में जुड़वनिया गांव के बाहर 31 दिसंबर 2025 को नौशाद और इसके दोस्त ने निशांत को रोककर युवती से बातचीत का आरोप लगाते हुए पिटाई की। आरोप है कि नौशाद ने कुंदन पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर नौशाद ने निशांत पर भी चाकू से हमला कर दिया।
दोनों घायलों को कसया सीएचसी ले जाया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान निशांत की मौत हो गई थी। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के गांव में तोड़फोड़ की कोशिश की थी। पुलिस ने नौशाद समेत दो युवकों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया था। एसपी केशव कुमार ने बताया कि शासन से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी नौशाद पर एनएसए की कार्रवाई की है। संवाद