पडरौना। विभिन्न उद्योगों में काम कर रहे कर्मचारी-अधिकारी अब पॉलीटेक्निक में आधुनिक क्षेत्र में डिप्लोमा का कोर्स कर सकेंगे। उद्योगों के अधिकारियों-कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाने के लिए पॉलीटेक्निक संस्थानों में कार्यरत कामगारों (वर्किंग प्रोफेशनल) के लिए डिप्लोमा कोर्स शुरू किया जाएगा।
यह जानकारी महामाया पालिटेक्नीक ऑफ इन्फारमेशन टेक्नॉलोजी कॉलेज कुशीनगर के प्राचार्य पीसी गुप्ता ने बताया कि इस योजना के तहत तीन साल का कोर्स करना होगा। इसमें संस्थान में तीस सीटों पर लेटरल इंट्री के रूप में प्रवेश लिया जाएगा। इसे लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि शासन का मनना है कि प्रदेश को दस खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
ऐसे में इन उद्योगों में कार्यरत कर्मियों की दक्षता बढ़ाने के लिए विभिन्न उद्योगों में कार्यरत कामगारों को आधुनिक तकनीक में दक्ष करना है। इसे देखते हुए आल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) ने उच्च स्तर (डिग्री) के बाद डिप्लोमा स्तर पर भी वर्किंग प्रोफेशनल के लिए रास्ता खोल दिया है। इससे वर्तमान में काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में दक्ष किया जा सकेगा। इसके लिए प्राविधिक शिक्षा विभाग ने तीन साल के डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम (वर्किंग प्रोफेशनल) को हरी झंडी दे दी है।