छितौनी। रेल मंत्रालय ने पूर्वोत्तर रेलवे के अंतर्गत आने वाले छितौनी-तमकुही रेल परियोजना को मंजूरी दे दी है। भारत सरकार के राजपत्र में दो जून को प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार इस विशेष रेल परियोजना के लिए कुशीनगर और पश्चिमी चंपारण, बेतिया (बिहार) में जमीन अधिग्रहण किया जाएगा। अधिसूचना में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) कुशीनगर और जिला भू-अर्जन पदाधिकारी पश्चिम चंपारणी, बेतिया को सक्षम अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये इस परियोजना के निष्पादन, अनुरक्षण, प्रबंधन और परिचालन के लिए जिम्मेदार होंगे। यह परियोजना क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को बढ़ाने और स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने इस परियोजना का स्वागत किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। छितौनी तमकुही रेल चलाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि यह परियोजना हमारी लंबे समय की मांग थी। अब क्षेत्र का विकास होगा और लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इस रेल परियोजना को लेकर योगेश शर्मा, मेराज आलम, विजय वर्मा, छोटेलाल कुशवाहा, दिनेश जायसवाल व डोमई यादव ने खुशी जताते हुए कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन रुकेगा। यह ऐतिहासिक कदम है। इससे रेल लाइन से व्यापार और यात्रा में क्रांति आएगी। अब क्षेत्र तरक्की की राह पर चलेगा। यह परियोजना स्थानीय लोगों के लिए वरदान साबित होगी। रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। हमारी मांग पूरी हुई अब इस इलाकों में समृद्धि आएगी।