संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार की शाम सीडीओ की अध्यक्षता में पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें आंकड़ों में अंतर मिलने पर दुदही प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी से सीडीओ ने स्पष्टीकरण मांगा।
समीक्षा बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि कान्हा गोशाला में 122, वृहद गो संरक्षण केंद्र में 806 गोवंश और दो पंजीकृत गोशाला में 979 गोवंश संरक्षित हैं। मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना के तहत 567 लक्ष्य के सापेक्ष 529 गोवंश सुपुर्द किए गए हैं। 250 पशुपालकों को लाभान्वित किया गया है।
सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने पशु टीकाकरण, एनएलएम बकरी योजना की प्रगति एवं ईयर टैगिंग, कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में आंकड़ों में भिन्नता मिलने पर दुदही ब्लॉक के प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के लिए सीवीओ को निर्देशित किया। इस दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्रवण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।