कसया। बुधवार को जीएसटी टीम ने क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। इससे हड़कंप मच गया। एमएस शिवम ईंट उद्योग, दुल दुलिया, फाजिलनगर पर तीन साल का दो करोड़ 58 लाख रुपये जीएसटी बकाया है।
टीम ने नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में बकाया जमा करने का निर्देश दिया है। बकाया जमा न करने पर कुर्की की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, उक्त फर्म के मालिक रामप्रवेश यादव को एक महीने से बकाया राशि जमा करने के लिए दूरभाष से लगातार निर्देशित किया जा रहा है। जवाब नहीं मिलने पर बुधवार को उपायुक्त खंड दो विकास विक्रम सिंह, खंड-दो राजेश यादव, खंड-तीन डॉ. जितेन्द्र कुमार, सहायक आयुक्त खंड-एक कुमार अमित, सहायक आयुक्त खंड-दो सरिता यादव और राज्य कर अधिकारी अशोक यादव ने फर्म पर पहुंचकर नोटिस चस्पा किया।
कार्रवाई के दौरान फर्म के मालिक मौके पर नहीं पहुंचे। उन्हें अंतिम चेतावनी देते हुए शीघ्र बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया गया। राज्य कर विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्क किया जाएगा।