बहन का मोबाइल नंबर नहीं दिया तो भाई को पीटा
खड्डा। थाना क्षेत्र के एक युवक ने गांव की ही लड़की का मोबाइल नंबर उसके छोटे भाई से मांगा। भाई ने आपत्ति जताई तो युवक ने उसकी पिटाई कर दी। पूछताछ करने गए पिता को भी पीटा गया। पीड़ित पक्ष ने तुर्कहा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद खड्डा पुलिस को तहरीर दी है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि गांव का युवक उनके परिवार की लड़की से एकतरफा प्रेम का दावा कर रहा था। बुधवार को आरोपी युवक ने लड़की के छोटे भाई से मोबाइल नंबर मांगा। भाई ने एतराज करते हुए मना कर दिया। इससे नाराज आरोपी युवक ने लड़की के भाई की पिटाई कर दी। जानकारी होने पर लड़की के पिता उलाहना देने गए तो आरोपी ने उन्हें भी पीट दिया। पिता-पुत्र ने तुर्कहा सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद लड़की के पिता ने खड्डा थाने में घटना की जानकारी देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। एसओ आरके यादव ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।