खड्डा। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज भुजवली प्रमुख (खड्डा) में सोमवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग की 12वीं तहसील स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हुई। इसमें तहसील क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दौड़ के 100 मीटर सीनियर बालक वर्ग में नूर मोहम्मद प्रथम, अभिषेक चौहान द्वितीय और अजहरुद्दीन तृतीय रहे। जूनियर वर्ग में लक्की पासवान ने पहला, अभिषेक गिरी ने दूसरा और अब्दुल वाहिद अंसारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। सब जूनियर वर्ग में सकील अली प्रथम, अभिषेक मद्धेशिया द्वितीय और विवेक कन्नौजिया तृतीय रहे। बालिका वर्ग के 100 मीटर सीनियर में सकीला प्रथम, प्रीति यादव द्वितीय और आंचल तृतीय रहीं।
जूनियर वर्ग में नुसरत जहां ने पहला, पुष्पा ने दूसरा और सब्बा परवीन ने तीसरा स्थान हासिल किया। सब जूनियर वर्ग में अंशु चौहान प्रथम, प्रीति वर्मा द्वितीय और अनुराधा पाल तृतीय रहीं। गोला फेंक के सीनियर बालक वर्ग में विनोद प्रथम, अभिषेक चौहान द्वितीय और अंश जायसवाल तृतीय रहे। जूनियर वर्ग में देव कुमार ने पहला, लकमुद्दीन ने दूसरा और तौफीक आलम ने तीसरा स्थान हासिल किया। सीनियर बालिका वर्ग में अनुराधा प्रथम, रेनू द्वितीय और रुखसार तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग में जया प्रथम, करीमा द्वितीय और पुष्पा तृतीय रहीं।
लंबी कूद, ऊंची कूद, भाला फेंक और चक्का फेंक में भी खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और बेहतर प्रदर्शन किया।
संयोजक प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र मणि त्रिपाठी ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। तहसील प्रभारी आकाश कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक स्पर्धा के दो प्रतिभागी आठ अक्तूबर से लोकमान्य इंटर कॉलेज, सेवरही में होने वाली जनपदीय प्रतियोगिता में तहसील खड्डा का प्रतिनिधित्व करेंगे।