पडरौना। लोकसभा चुनाव में वाहन अधिग्रहित करने में परेशानी न हो इसको देखते हुए परिवहन विभाग ने गैर जनपद में बिक्री हुए वाहनों की एनओसी पर रोक लगा दी है। अब लोकसभा चुनाव बीतने के बाद ही संबंधित वाहनों को एनओसी दी जाएगी।
लोकसभा चुनाव के लिए जिला प्रशासन की तरफ से वाहन स्वामियों को वाहन अधिग्रहण भेजने की कार्रवाई शुरू हो गई है। अब तक करीब दस हजार से अधिक वाहन स्वामियों को अधिग्रहण की नोटिस भेजी जा चुकी है। अधिग्रहण आदेश मिलने के बाद भी कई वाहन स्वामी अपने वाहनों को गैर जिले में बेच दे रहे हैं। इसके बाद नए वाहन स्वामी के नाम से वाहन स्थानांतरित करने के लिए एआरटीओ कार्यालय से एनओसी लेकर उसे गैर जनपद के लिए भेज दे रहे हैं। एआरटीओ कार्यालय में इस तरह के हर दिन 10 से 15 मामले में पहुंच रहे हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने चुनाव तक एनओसी जारी करने पर रोक लगा दिया है, ताकि लोकसभा चुनाव के दौरान वाहन अधिग्रहण करने में परेशानी न हो। इस संंबंध में एआरटीओ मोहम्मद अजीम ने बताया कि चुनाव के दौरान वाहनों की कमी न हो इसको ध्यान में रखते हुए गैर जनपद बिक्री होने वाले वाहनों की एनओसी पर रोक लगा दी गई है।