लापता सभासद का नहीं चला पता, घर में नहीं जल रहा चूल्हा, पत्नी ने दी थी नामजद तहरीर
नगर के मंगलपुर का एक सूदखोर सभासद के घर के इर्द-गिर्द घूमकर सुबह दे रहा था धमकी
पडरौना। सूदखोरों के दबाव में आई पुलिस ने दो दिन बाद सिर्फ गुमशुदगी का केस दर्ज किया है। घटना को लेकर लापरवाही बरत रही पुलिस नौ दिन से लापता भाजपा सभासद का पता नहीं लगा सकी। चिंता में डूबे सभासद के घर चूल्हा नहीं जला। सुबह सभासद के मकान के इर्द-गिर्द घूमकर एक सूदखोर गाली देते हुए धमकी दे रहा था। सभासद के परिजन दहशत में जीने को मजबूर हैं।
नगर के वार्ड संख्या 14 हरिनाथ उत्तरी निवासी बैजनाथ चौहान सभासद हैं। 21 अगस्त को वह ससुराल हाटा गए थे। शाम को घर के लिए चले लेकिन उसी दिन से लापता हैं। आज तक उनका पता नहीं चल सका। तीन दिन पूर्व सभासद की पत्नी बबिता देवी ने पुलिस को नगर के पांच सूदखोरों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर पति का ब्याज पर दिए गए रुपये के लिए अपहरण करने का आरोप लगाया।
टाल-मटोल में जुटी पुलिस ने मंगलवार को गुमशुदगी दर्ज कर खानापूर्ति कर ली लेकिन अब तक लापता सभासद का पता नहीं लगा सकी। एसओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया गया है। अभी सभासद का पता नहीं चला है। तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवार को कौन धमका रहा है। इसकी जानकारी नहीं है।
कप्तानगंज में गहरी है सूदखोरों की जड़ें, सफेदपोश देते हैं संरक्षण
नगर में सूदखोरों की जड़ें काफी गहरी हैं। मामला फंसने पर सफेदपोश इनकी मदद करते हैं। भाजपा सभासद के मामले में एक जनप्रतिनिधि के साथ रहने वाले कुछ करीबी लोग सूदखोरों की मदद कर रहे हैं। यही वजह है कि पुलिस भी चुप है। दो साल पूर्व सभासद की हाटा रोड पर मौजूद 47 डिस्मिल जमीन उधार दी गई रकम का ब्याज जोड़कर बैनामा करा लिया। यही सूदखोर अब भी सभासद के पीछे पड़े हैं। नगर के मंगलबाजार, बौलिया कप्तानगंज चौक और चकबंदी चौराहा के आसपास के रहने वाले सूदखोर काफी कम दिनों में करोड़पति बन गए हैं। इसमें एक सगे भाई और मामा-भांजे शामिल हैं। सभासद की पत्नी का आरोप है कि सूदखोर 15 से 30 प्रतिशत ब्याज जोड़कर लाखों रुपये का कर्जदार बना दिए हैं और कस्बे की जमीन बैनामा कराने के लिए दबाव बना रहे हैं। इनके दबाव में आई पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
एसओ की सख्ती के बाद ढाला उस पार का बंद हुआ जुआ
नगर के ढाला उस पार जुआ का धंधा भी सूदखोरों की सरपरस्ती में चलता है। कस्बा के अलावा गैर जिले से भी लोग जुआ खेलने आते हैं। एसओ विनय कुमार सिंह की सख्ती के बाद इस स्थान पर जुआ का धंधा बंद हो गया। लेकिन स्थान बदलकर कस्बा के एक मकान में जुआ का धंधा चल रहा है। नगर चौकी पर तैनात सिपाही भी सूदखोरों के संपर्क में हैं। इनकी काल डिटेल की जांच की जाए तो पुलिस की ईमानदारी की कलई भी खुल जाएगी।