‘कोविड और एईएस का कोई नया केस नहीं मिला’
पडरौना (कुशीनगर )। कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय में कोविड समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता डीएम एस. राजलिंगम ने की। शुक्रवार को कोविड और एईएस का कोई नया मरीज नहीं मिला। डीएम ने कोविड टीकाकरण के पहले और दूसरी डोज के बीच का अंतर समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑक्सीजन पाइपलाइन की प्रगति की भी समीक्षा की।
डीएम ने अस्पतालों में मेडिकल इक्विपमेंट्स की उपलब्धता की जानकारी सीएमओ से ली। इस दिन फिर से कोविड के शून्य मामले आए। दिमागी बुखार तथा जापानी इंसेफेलाइटिस का भी कोई नया मामला नहीं आया। पूर्व में खड्डा में मिले एईएस के मरीज के बारे में डीएम ने रिपोर्ट ली। बैठक में यह बात भी सामने आई कि उस क्षेत्र में दूषित पानी तथा जलभराव की समस्या है। डीएम ने संबंधित अधिकारी को इस बारे में आवश्यक निर्देश दिए। इस बैठक में सीडीओ अनुज मलिक, एडीएम विंध्यवासिनी राय, सीएमओ डॉ. नरेंद्र प्रसाद गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
सात मरीज हुए स्वस्थ, कोई नहीं मिला संक्रमित
पडरौना। जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों में शुक्रवार को सात स्वस्थ मिले। राहत की बात यह भी रही कि कोई नया मरीज संक्रमित नहीं पाया गया। अब जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या सिर्फ 11 रह गई है। सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को 4205 सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गए। जबकि 3829 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही। इस तरह अब तक कराई गई जांच में 762343 लोगों की कोरोना जांच कराई गई है, जिसमें 15576 लोग संक्रमित मिले हैं। 15340 मरीज स्वस्थ हुए हैं, जबकि 225 की मौत हुई है। एक्टिव मरीजों की संख्या सिर्फ 11 रह गई है। संवाद