स्टेडियम में प्रशिक्षण 11 खेलों का, कोच एक भी नहीं
लगभग 200 खिलाड़ी हर दिन आते हैं स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। एथलेटिक्स समेत 11 प्रकार के खेलों के लिए रविंद्रनगर स्थित स्टेडियम में सामान उपलब्ध हैं लेकिन मार्च से ही यहां किसी खेल के लिए कोच तैनात नहीं हैं। इसके चलते स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने आने वाले खिलाड़ियों को परेशानी हो रही है। उप क्रीड़ा अधिकारी का भी पद रिक्त है। विभाग की तरफ से खेल निदेशालय को पत्र भेजकर कोच की मांग की गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
रविंद्रनगर स्थित जिला स्टेडियम में एथलेटिक्स, हॉकी, कबड्डी, तैराकी, फुटबाल, कुश्ती, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस और हैंडबाल समेत 11 खेलों के प्रशिक्षण की व्यवस्था है। इन खेलों से जुड़े 200 से अधिक खिलाड़ी स्टेडियम में प्रतिदिन सुबह-शाम अभ्यास करते हैं। इनकी प्रतिभा में निखार लाने के लिए खेल विभाग की तरफ से अनुभवी कोच की तैनाती होती रही है। लेकिन बीते मार्च में ही यहां तैनात सभी कोच का अनुबंध समाप्त हो गया। इसके बाद खिलाड़ियों को सिखाने के लिए किसी भी कोच की नई तैनात नहीं हुई। इससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण लेने में परेशानी हो रही है। बॉक्सिंग की खिलाड़ी सोनी यादव और मोहन यादव ने बताया कि लॉकडाउन खत्म होने के बाद अब सोशल डिस्टेंसिंग के साथ स्टेडियम में प्रशिक्षण के लिए छूट मिली है, लेकिन यहां प्रशिक्षक नहीं होने से खेल की बारीकियों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। तैराकी के खिलाड़ी अंकित कन्नौजिया व पूनम यादव ने बताया कि उनके खेल की निगरानी के लिए कोच जरूरी है लेकिन जीवन रक्षक के अलावा कोई नहीं है, लिहाजा तैराकी का प्रशिक्षण बंद है।
फुटबाल के खिलाड़ी सुहैल, अरबाज, अफ्दर व रोहित ने बताया कि नवम्बर से फरवरी तक का वक्त फुटबाल के खेल के लिए सर्वाधिक उपयुक्त है। इस अवधि में आसपास के अन्य खिलाड़ी भी स्टेडियम पहुंचते हैं। परंतु कोच नहीं होने के चलते वे लोग स्वत: ही अभ्यास कर लौट जाते हैं। उनके खेल में कहां कमी है, इसकी जानकारी नहीं होने से अपने स्तर को बेहतर नहीं बना पा रहे हैं। एथलेटिक्स के खिलाड़ी मोहन चौहान, राहुल, बालेश्वर आदि ने बताया कि कोच के अभाव में वे लोग हर दिन केवल अभ्यास करके लौट जाते हैं। खिलाड़ियों को कुछ बेहतर करने की जानकारी नहीं हो रही है। इसके चलते खिलाड़ियों की संख्या कम हो रही है।
इस संबंध में प्रभारी उप क्रीड़ाधिकारी ने कहा कि स्टेडियम में कोच की तैनाती के लिए खेल निदेशालय को कई बार पत्र भेजा गया है। लेकिन अभी तक उच्चाधिकारियों की तरफ से निर्देश नहीं मिले हैं। निदेशालय की तरफ से कोच प्राप्त होते ही खिलाड़ियों को प्रशिक्षक उपलब्ध करा दिया जाएगा।