सुकरौली। अहिरौली थाने के परसा गांव में पत्नी और मां की हत्या की वारदात को तीसरे दिन भी गांव वाले भुला नहीं पा रहे हैं। बुधवार को आरोपी सिकंदर के दूसरे बहनोई भी गांव पहुंचे। पूरे दिन बहू और सास का कर्म कांड कौन करेगा, इसको लेकर माथा पच्ची देर शाम तक चलती रही। पटीदारों को बहनों ने कर्म कांड करने को कहा, लेकिन अभी कोई निर्णय नहीं निकल सका। बहनोई ने प्रियंका के पिता से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
परसा गांव निवासी सिकंदर अपनी पत्नी प्रियंका और मां रूना देवी का सिर कूंचकर सोमवार को हत्या कर दिया। बहन की तहरीर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया। घटना के बाद सिकंदर की चारों बहनें मायके आईं, लेकिन घर में जाने से परहेज कर रही हैं। लोगों ने घर की सफाई कराकर रहने को कहा, लेकिन चारों बहने तैयार नहीं हुईं।