हाटा में रोड शो करते सांसद दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ।संवाद
निरहुआ ने रोड शो कर भाजपा उम्मीदवार के लिए मांगा वोट
- भोजपुरी कलाकार को देखने के लिए सड़कों के किनारे जुटी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
हाटा/सुकरौली। आजमगढ़ के सांसद और भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ ने सोमवार को नगर निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के लिए रोड शो किया। निरहुआ को देखने के लिए सुकरौली और हाटा क्षेत्र के लोगों की काफी भीड़ सड़कों के किनारे देखी गईं।
सोमवार को दोपहर में सुकरौली नगर पंचायत के उम्मीदवार वरुण जायसवाल के लिए रामपुर पंद्रह मील से रोड शो शुरू किया। सुकरौली कस्बे से होते हुए यह रोड शो हाटा नगर पालिका की सीमा महुआरी चौराहे तक पहुंचा। वहां से हाटा नगर पालिका के उम्मीदवार के समर्थन में रोड शो शुरू हुआ। जो ढाढ़ा चौराहा, बाघनाथ चौराहा, मुख्य बाजार होते हुए केन यूनियन चौराहे पर पहुंचा। यहां से बस स्टेशन और कप्तानगंज चौराहा होते हुए मथौली बाजार के प्रस्थान कर गया। इस दौरान राजू मद्धेशिया सहित अन्य लोग मौजूद थे।