तमकुहीरोड। केन यूनियन सेवरही के लिए हो रहे डायरेक्टर पद के चुनाव में सोमवार को पर्चा वापसी के दौरान नौ लोगों ने नामांकन पत्र वापस ले लिया। अब एक और डायरेक्टर के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है। इस तरह डायरेक्टर के नौ पदों के लिए 23 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन पदों के लिए मतदान दो मई को होगा।
केन यूनियन सेवरही के डायरेक्टर के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। सोमवार को पर्चा वापसी थी। इस दिन नौ प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। इससे क्षेत्र संख्या-12 रामपुर बरहन से वीरेंद्र यादव के निर्विरोध डायरेक्टर चुने जाने के आसार बन गए हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार सिंहासन ने अपना पर्चा वापस ले लिया। मिश्रौली से डायरेक्टर के लिए कुल छह लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था, जिनमें से चार लोगों ने सोमवार को अपना पर्चा वापस ले लिया।
बिहार बुजुर्ग से डायरेक्टर पद के तीन उम्मीदवार थे, लेकिन एक महिला उम्मीदवार ने अपना पर्चा वापस ले लिया। अब इस सीट पर दो महिलाएं आमने सामने हैं। गौरी श्रीराम से डायरेक्टर पद के कुल पांच लोगों ने नामांकन किया था। लेकिन इस सीट से भी तीन लोगों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। इस तरह सोमवार को पर्चा वापसी की समय सीमा बीत जाने के बाद अब डायरेक्टर के नौ पदों के लिए कुल 23 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं, जबकि तीन डायरेक्टर पहले ही निर्विरोध हो चुके हैं।
इस संबंध में केन यूनियन सेवरही के सचिव डॉ. पीएन पांडेय ने बताया कि डायरेक्टर के 12 पदों के लिए 36 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। उनमें एक व्यक्ति का पर्चा खारिज हो गया था और नौ लोगों ने सोमवार को अपना पर्चा वापस ले लिया है, जबकि डायरेक्टर के तीन उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित किए गए हैं। इस तरह अब डायरेक्टर के नौ पदों के लिए 23 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसके लिए दो मई को मतदान होगा।