तमकुहीराज। तरयासुजान क्षेत्र के जवही नरेंद्र में 19 जून को आम तोड़ने के लिए हुए विवाद में पुलिस का सूचना तंत्र फेल रहा। मामूली विवाद के बाद दो पक्षों के सैकड़ों लोग आमने-सामने हो गए और मारपीट होने लगी।
इसके बाद सोशल मीडिया पर प्रधान बबलू देवान का दूसरे पक्ष के लोगों को तमंचा लेकर दौड़ने का फोटो और वीडियो वायरल होने लगा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई तरयासुजान पुलिस ने दोनों पक्ष से कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।
मामले में रक्षात्मक मूड में रही पुलिस ने हिरासत में लिए गए नौ लोगों को शुक्रवार को सामान्य धाराओं में चालान किया। सभी आरोपियों को एसडीएम तमकुहीराज की कोर्ट से जमानत मिल गई और नौ आरोपी पुलिस अभिरक्षा से रिहा हो गए।
पुलिस हिरासत में रखे गए तमंचा लहराने के आरोपी प्रधान बबलू देवान को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। विपक्षी परिवार का आरोप है कि वायरल वीडियो में प्रधान के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी तमंचा लेकर लोगों को दौड़ाते नजर आ रहा है। बावजूद इसके तरयासुजान पुलिस ने मामले में लीपापोती कर कागजों में केवल प्रधान के पास से ही तमंचे की बरामदगी दिखाई है। तरयासुजान पुलिस मामले में घटना के दिन से ही कुछ लोगों को बचाने के प्रयास में लगी जुटी हुई है।
सीओ तमकुहीराज राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की विशेषज्ञ और पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। फिलहाल जांच में एक ही तमंचे को दो लोगों के लहराने की पुष्टि हुई है।