तमकुहीराज। बृहस्पतिवार को तमकुहीराज प्रधान संघ की बैठक ब्लाॅक सभागार में हुई। इसमें विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया।
छह से अधिक ग्राम प्रधानों ने सचिव की कार्यशैली पर असंतोष जताया। ग्राम प्रधानों ने सर्वसम्मति से सचिव के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए उनके विरुद्ध उच्चाधिकारियों को ज्ञापन देने और विकास खंड में नियमित बीडीओ की तैनाती समेत अन्य मांगों से भी अवगत कराने का निर्णय लिया।
लगभग छह माह पर ही बीडीओ बदलने पर असंतोष जताते हुए प्रधानों ने एक स्वर से उच्चाधिकारियों से मांग करने का निर्णय लिया कि यहां पर नियमित बीडीओ की तैनाती की जाए। ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों। बैठक में रजनीश कुमार राय, जाकिर हुसैन, कृपाशंकर सिंह, मजीबुल होदा, राजेश तिवारी, आलमगीर खान, लल्लन सिंह पटेल आदि मौजूद थे।