गंगुआ बाजार। पटहेरवा थाना क्षेत्र के समउर-पटहेरिया मार्ग पर बलुआ गांव के करीब रविवार की सुबह करीब नौ बजे चलती बाइक पर नील गाय कूद गई।
इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने घायल को सीएचसी तमकुही भेजवाया, जहां से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह करीब नौ बजे तमकुहीराज थाना क्षेत्र के परसौनी खुर्द गांव निवासी 18 वर्षीय अरबाज अली बाइक से पटहेरिया चौराहे से अपने घर जा रहा था। अभी वह पटहेरवा थाना क्षेत्र के बलुआ तकिया गांव के समीप पहुंचे थे कि अचानक नील गाय उनकी बाइक पर कूद गई।
नील गाय के कूदने से बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। इस दुर्घटना में उसे गंभीर चोटें आई। मौके पर जुटे लोगों ने सीएचसी तमकुही भेजवाया जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।