टीकाकरण से लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम हो रहे प्रभावित
पडरौना। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ से जुड़े एनएचएम संविदाकर्मियों का धरना दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान धरना दे रहे एनएचएम संविदा कर्मियों को कई संगठनों के पदाधिकारियों ने पहुंचकर अपना समर्थन दिया।
एनएचएम संविदाकर्मियों की तरफ से सीएमओ कार्यालय के सामने जारी बेमियादी धरने के दूसरे दिन प्रदेश संप्रेक्षक कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल संघ के बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने समर्थन देते हुए मांगों को जायज बताया। उन्होंने 12 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाले आंदोलन में सहयोग का भरोसा दिया। धरने के चलते पीएचसी, सीएचसी, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व टीबी आदि इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर टीकाकरण, ओपीडी, पैथोलॉजी जांच, एनसीडी, आरबीएसके, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सहित सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों नहीं हो पा रहे हैं।
धरना-प्रदर्शन को कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल संघ के अध्यक्ष विनोद पासवान, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नवीन कुमार श्रीवास्तव, डिप्लोमा लैब टेक्नीशियन संघ के जिलाध्यक्ष अश्वत्थामा मिश्रा, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष प्रभुनंद उपाध्याय, बेसिक हेल्थ वर्कर संघ के जिलाध्यक्ष ध्रुव शर्मा और महिला कार्यकर्ता एएनएम संघ की जिलाध्यक्ष ममता मिश्रा ने भी समर्थन दिया।
इस मौके पर संघ के जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार पांडेय, गोरखपुर मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव सहित जिलामंत्री राजू यादव, जिला उपाध्यक्ष डॉ. एस.के. सिंह, डॉ. मनोज राय, संजीव जायसवाल, निशिकांत सिंह, विनोद कुमार, सूर्य राम वर्मा आदि मौजूद रहे।