नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू
सात अक्तूबर तक काली पट्टी बांधकर करेंगे विरोध, 8 से 10 अक्तूबर तक कार्य बहिष्कार की चेतावनी
मथौली/फाजिलनगर/कसया। स्थानीय सीएचसी में तैनात एनएचएम संविदा कर्मियों ने सोमवार को काली पट्टी बांधकर कार्यस्थल पर विरोध जताया। कर्मियों ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू करते हुए मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का एलान किया। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी के माध्यम से सीएमओ को संबोधित मांगपत्र भी सौंपा गया।
संविदा कर्मियों ने बताया कि वे 15 से 18 वर्षों से लगातार स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया। मांगपत्र में नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, 10 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, डीए, ईपीएफ और एचआरए, गैर जनपद स्थानांतरण की सुविधा, अनुकंपा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन और नियमित भर्ती में 25 प्रतिशत आरक्षण की मांग की गई है।
कर्मियों ने बताया कि सात अक्तूबर तक काली पट्टी बांधकर विरोध जताया जाएगा। इसके बाद 8 से 10 अक्तूबर तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा। 12 अक्तूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन घेरा डालो-डेरा डालो आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
इस दौरान डॉ. महातम यादव, डॉ. सुमित मिश्रा, डॉ. मधु सिंह, डॉ. दीपक मिश्रा, डॉ. राज सुमन मौर्य, अनिल भास्कर, अमित श्रीवास्तव, विवेकानंद मिश्रा, आकांक्षा सिंह, सरिता तिवारी, रीता मिश्रा, रंजू द्विवेदी, अजय कुमार वर्मा, राजेश कुमार भारती, प्रवीण गोविंद राव, फिरोज अंसारी, अभिषेक विश्वकर्मा, राजकुमार और पूजा भारती मौजूद रहे। इसके अलावा कसया और फाजिलनगर सीएचसी पर भी एनएचएम संविदा कर्मियों ने प्रदर्शन किया।