छितौनी। छितौनी इंटर कॉलेज में शनिवार को नव निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विष्णु प्रभाकर पाण्डेय, जिला समन्वयक (माध्यमिक शिक्षा), कुशीनगर ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई।
छात्र परिषद के निर्वाचन में हेड बाय पद पर मिथिलेश कुमार चौहान, हेड गर्ल पद पर रानी कुशवाहा, स्पोर्ट्स कैप्टन (बालक) पद पर अमरजीत गौतम तथा स्पोर्ट्स कैप्टन (बालिका) पद पर आंचल गुप्ता निर्वाचित हुए थे। शपथ ग्रहण के दौरान सभी पदाधिकारियों ने विद्यालय के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि विष्णु प्रभाकर पांडेय ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। कहा कि छात्र परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने पदाधिकारियों से विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए विद्यार्थियों के हित में कार्य करने का आह्वान किया।प्रधानाचार्य आकाश सिंह ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में शिक्षक सुशील कुमार, आदर्श तिवारी, शिवेंद्र प्रकाश, विजय कुशवाहा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संवाद