तरयासुजान। थाना क्षेत्र के डोमाठ गांव में मंगलवार की आधी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक भाभी से मच्छरदानी नहीं मिलने से नाराज होकर मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गया। करीब छह घंटे बाद सुबह छह बजे समझाने-बुझाने और पुलिस की मशक्कत के बाद वह नीचे उतरा, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, डोमाठ ग्रामसभा के मुसहरटोली निवासी सागर मंडल पुत्र प्रेम मुसहर (20) ने अपनी भाभी से मच्छरदानी मांगी थी। आरोप है कि भाभी द्वारा मच्छरदानी नहीं देने पर वह नाराज हो गया और मंगलवार रात करीब 12 बजे गांव में स्थित ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।