पडरौना। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के कैलाश छापर कुटी में सोमवार की सुबह पट्टीदारों की पिटाई से एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उनके रिश्तेदार जिला अस्पताल लेकर गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। विवाद का कारण भतीजे की शादी कराना बताया जा रहा है।
रविवार को कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के मुख्तार (62) अपने भतीजे की शादी में खड्डा गए थे। उनके साथ उनके दोनों पुत्र कलाम (32) और सद्दाम (35) भी थे। बरात खड्डा थाना क्षेत्र के बंजारीपट्टी गांव में गई थी। सोमवार को सुबह चार बजे मुख्तार बरात से घर लौट रहे थे। आरोप है कि दरवाजे पर पहुंचते ही पट्टीदार अख्तर, समीर, सरदार, सुहेल, बिहारी और आफताब ने हमला कर दिया। शोर सुनकर उनके दोनों बेटे और परिजन पहुंच गए। पट्टीदारों ने उनको भी बुरी तरह से मारा पीटा। इसमें मुख्तार, सद्दाम और कलाम बुरी तरह से घायल हो गए। पट्टीदारों ने मुख्तार की छोटी बहू कलीमुन और डेढ़ साल के पोते को भी पीटा।
ग्रामीणों की मदद से कलाम के ससुर बहादुर घायलों को सीएचसी ले गए, जहां घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मुख्तार ने बताया कि वह तीन भाई थे, जिसमें मझले भाई की मौत हो चुकी है। अख्तर तीनों भाईयों में सबसे छोटा है। भतीजे की शादी लगभग डेढ़ साल पहले मुख्तार ने खड्डा थाना क्षेत्र के बंजारीपट्टी गांव में तय की थी, लेकिन अख्तर उसकी शादी कहीं और कराना चाहते थे। रविवार को मुख्तार अपने भतीजे की बरात लेकर गए और शादी संपन्न कराकर सोमवार की सुबह घर लौटे तो घात लगाए पट्टीदारों ने मिलकर हमला कर दिया।