पुलिस मुठभेड़ में घायल पशु तस्करी का आरोपी। संवाद
- फोटो : KUSHINAGAR
पुलिस और पशु तस्करों में मुठभेड़, एक घायल
- ट्रक में पशुओं को लादकर तस्कर ले जा रहे थे बिहार
- पुलिस की गोली से घायल तस्कर सहित तीन गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
डिबनी बंजरवा (कुशीनगर)। तमकुहीराज क्षेत्र के लतवा बाजार के पास रविवार दोपहर पशु तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। गोली लगने से एक तस्कर घायल हो गया। घेराबंदी करके पुलिस ने घायल तस्कर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ जितेंद्र सिंह कालरा ने बताया कि रविवार सुबह मुखबिर से पशु तस्करी की सूचना मिली। एसएचओ तमकुहीराज अश्वनी राय और तरयासुजान के एसएचओ आरके सिंह टीम गठित करके लतवा बाजार से पहले पशु तस्करों की घेराबंदी करने हाईवे पर पहुंचे। दोपहर करीब दो बजे पुलिस टीम ने बिहार जा रहे दो ट्रकों को चेक करने के लिए रोकने का प्रयास किया। तब ट्रक ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ा दी। ट्रक में पशुओं के लदे होने की आशंका में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ली।
दोनों ओर से पुलिस को देखकर तस्करों ने लतवा बाजार के नहर के पास ट्रकों को खड़ा कर दिया। उनमें सवार तीन लोग झाड़ियों में जाकर छिप गए। पुलिस ने जब उनको बाहर निकलने को कहा तो वह झाड़ियों के बीच से गोली चलाने लगे। तस्करों के गोली चलाने पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक तस्कर के पैर में गोली लग गई। उसके दो अन्य साथियों ने भागने की कोशिश तो पुलिस ने उनको दबोच लिया।
पूछताछ में घायल की पहचान रामपुर जिले के रजौड़ा निवासी जरीफ के रूप में हुई। उसके दो अन्य साथी टांडा निवासी रशीद और मुरादाबाद जिले के भगतपुर निवासी जाहिद है। ट्रक में कुल 51 पशु मिले जिनको पुलिस ने मुक्त करा दिया। पुलिस ने तीन तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया है।