छितौनी। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तीनबरदहा के तुर्कही टोले में मंगलवार से भूमिहीन मुसहर समुदाय के सात लोगों ने भूमि आवंटन की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन आमरण-अनशन शुरू कर दिया। वहीं, अनशनकारियों के समर्थन में सैकड़ों ग्रामीण धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए हैं। समुदाय के लोगों ने बताया कि वे अनुसूचित जाति वर्ग से हैं और पूरी तरह भूमिहीन हैं। ग्रामसभा क्षेत्र में बंजर व नवीन परती भूमि उपलब्ध होने के बावजूद अब तक उन्हें आवासीय या कृषि योग्य पट्टा नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और मुख्यमंत्री तक प्रार्थना पत्र भेजा गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अनशन व धरना प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार, कानूनगो मधुकर श्रीवास्तव और लेखपाल राजेश गुप्ता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अनशनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने स्पष्ट कहा कि पट्टा मिलने तक आमरण अनशन जारी रहेगा। अनशन पर बैठने वालों में परमेश्वर मुसहर, इंदु देवी, मुनिया देवी, हुसैन मुसहर, फुलकुवारी देवी, कोइली देवी और मंजू देवी शामिल हैं। संवाद