सांसद विजय कुमार दूबे ने घर पहुंचकर परिजनों को दी सांत्वना
मथौली बाजार। अहिरौली थाना क्षेत्र के गांव मधवलिया में पिछले सप्ताह बिजली के टूटे तार की चपेट में आकर हुई एक युवक की मौत के मामले में परिजनों को सांत्वना देने के लिए सोमवार की शाम को सांसद मधवलिया गांव पहुंचे। परिजनों को सांत्वना देते हुए सांसद ने कहा कि इस परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विकास खंड मोतीचक के गांव मधवलिया में पिछले दिनों बिजली की चपेट में आने से ऋषि पांडेय की मौत हो गई थी। परिजनों से मिलने के बाद सांसद विजय कुमार दूबे ने एसडीएम कप्तानगंज अरविंद कुमार को परिजनों को मुआवजा दिलवाने को कहा। सांसद ने विद्युत निगम के एसडीओ से भी आर्थिक सहायता दिलाने का निर्देश दिया। इस दौरान संजय सिंह मुन्ना, ज्ञानचन्द कुंवर, बैजनाथ गुप्ता, विजय कन्नौजिया, पिंटू गोड़, टाइगर शर्मा, नौरंग सिंह, मनोज सिंह, एसओ ज्ञानेन्द्र कुमार राय आदि मौजूद रहे।