पडरौना। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की देखरेख में जिले के परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए सांसद अंतरिक्ष प्रतियोगिता का आयोजन 27 सितंबर को होगा। इसमें कक्षा छह से आठ तक 57 और नौवीं से 12वीं तक के 62 समेत कुल 119 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना है।
जिला समन्वयक समग्र शिक्षा माध्यमिक विष्णु प्रभाकर पांडेय ने बताया कि यह कार्यक्रम परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को भी शहरी छात्रों के समान अवसर मिल सके। यह प्रतियोगिता मल्टीपल च्वायस क्वेश्चन और पोस्टर प्रतियोगिताओं के रूप में आयोजित की जाएगी। कक्षा छह से आठ तक के छात्र पोस्टर बनाएंगे। वहीं कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्र एमसीक्यू हल करेंगे। इसके जरिए छात्रों को अंतरिक्ष, उपग्रहों, रॉकेट प्रौद्योगिकी और भारत के अंतरिक्ष मिशनों से संबंधित विषयों पर अपनी रचनात्मकता और ज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। पूरी प्रतियोगिता की निगरानी और मार्ग दर्शन इसरो की एक विशेष टीम द्वारा किया जाएगा। छात्रों को 27 सितंबर को लोकमान्य इंटर काॅलेज में जनपदीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा।