सांसद ने मरम्मत कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश
खड्डा। क्षेत्र के मदनपुर सुकरौली गांव के पास मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की टूटी पटरी का सांसद ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
एक नवंबर को मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की बाईं पटरी टूटने से महराजगंज और नेपाल बार्डर तक जाने वाली सड़क पर आवागमन बंद हो गया था। रविवार को सांसद विजय कुमार दूबे ने क्षतिग्रस्त पटरी का निरीक्षण किया। उन्हें लोगों ने बताया कि बगल के गैनही ड्रेन में बांध बनाकर पानी रोकने से पटरी टूट गई है। इस पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड प्रथम महाराजगंज संजय कुमार को मरम्मत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
इस दौरान डॉ. निलेश मिश्रा, अजय गोविंद राव शिशु, संदीप श्रीवास्तव, अमित राव, निखिल उपाध्याय, आनंद सिंह, प्रद्युम्न तिवारी, संतोष दूबे, प्रभु मद्धेशिया, जयप्रकाश सिंह, परमहंस सिंह, रामभरोसा दूबे आदि मौजूद थे।