उजारनाथ। पटहेरवा थाना क्षेत्र के रजवटिया डायवर्जन के पास रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस की टक्कर से घायल बाइक सवार युवक की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल उसके रिश्तेदार दिलीप का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। भैंसहा गांव निवासी दिलीप (20) अपने रिश्तेदार सूरज कुशवाहा (25) के साथ बाइक से तमकुही में सामान खरीदने जा रहे थे। सूरज सेवरही थाना के धर्मापुर पर्वत का निवासी था। रविवार सुबह दोनों रजवटिया डायवर्जन के पास पहुंचे थे।
इसी दौरान गोरखपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी फाजिलनगर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सूरज की हालत नाजुक होने पर उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया। सोमवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दिलीप का इलाज अभी भी जारी है। थानाध्यक्ष अरुण सिंह ने सूरज कुशवाहा की इलाज के दौरान मौत होने की सूचना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।