पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग पर शुक्रवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
लौकरिया निवासी संदीप कुशवाहा (30) शुक्रवार को दिन में लगभग तीन बजे अपनी बाइक से बगही कुट्टी मेला देखने जा रहा था। खानूछपरा गांव के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे कोटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संदीप के दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक कब्जे में है। चालक का पता लगाया जा रहा है।