-सोमवार की देर शाम अर्जुनहा के समीप मार्ग दुर्घटना में सास, बेटी और दामाद हो गए थे घायल
-मृतक के पत्नी का मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज, शव पहुंचा घर तो परिजनों में मची चीख-पुकार
फोटो है।
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना/मंसाछापर। पडरौना-कसया मार्ग पर अर्जुनहा एफसीआई गोदाम के पास सोमवार की देर शाम कार की चपेट में आने से एक ही बाइक पर सवार सास, बेटी और दामाद घायल हो गए थे। सास और दामाद की इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। मंगलवार की देर शाम युवक का शव चिरगोड़ा और सास का शव होरलापुर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। युवक के दो मासूम बच्चे हैं। उनकी परवरिश को लेकर गांव के लोग भी चिंतित हैं।
जटहा बाजार थाना क्षेत्र के चिरगोड़ा गांव निवासी 30 वर्षीय रामप्रवेश प्रसाद बाइक से अपनी पत्नी इंद्रावती और 52 वर्षीय सास शांति देवी के साथ सोमवार की शाम कसया रिश्तेदारी में जा रहे थे। पडरौना-कसया मुख्य मार्ग पर अर्जुनहा एफसीआई गोदाम के सामने कार की चपेट में आ गए। बाइक पर सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक कार लेकर फरार हो गया। आसपास के लोगों की मदद से तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान रामप्रवेश और उनकी सास कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के होरलापुर निवासी शांति देवी की मौत हो गई। रामप्रवेश की पत्नी इंद्रावती की हालत गंभीर बनी हुई है। मंगलवार की देर शाम रामप्रवेश का शव चिरगोड़ा और शांति देवी का शव होरलापुर गांव में पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक पुणे में क्रेन चालक का काम करता था। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। घर पर जुटे लोग इसी बात को लेकर चर्चा कर रहे थे कि अब इन बच्चों के परवरिश की जिम्मेदारी कौन लेगा।