हाटा। स्थानीय थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में सोमवार को बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर गौनरिया निवासी जय प्रकाश गौंड (45) अपनी मां कलमी देवी (75) को बाइक पर बैठाकर हाटा नगर के पगरा से घर जा रहे थे। जैसे ही वे हाटा थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग चौराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी मोटरसाइकिल से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा पहुंचाया। रास्ते में ही कलमी देवी ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घायल जयप्रकाश गौंड के पैर में गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। टक्कर मारने वाला बाइक सवार भाग निकला था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
हादसे के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया है। गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।